Breaking
Sun. Jul 5th, 2026

एचआईवी जागरूकता के लिए जमशेदपुर में 22 किमी साइक्लोथॉन, युवाओं ने दिया भेदभाव मुक्त समाज का संदेश

जमशेदपुर: एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े भ्रम व सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से झारखंड राज्य युवा आयोग की ओर से रविवार को जमशेदपुर में 22 किलोमीटर लंबी साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शुरू हुई इस जन-जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया।

साइक्लोथॉन को झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने, मिथकों को दूर करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कुमार गौरव ने कहा कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव के सबसे बड़े वाहक हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी सामान्य संपर्क, साथ बैठने, हाथ मिलाने या साथ रहने से नहीं फैलता, इसलिए संक्रमित लोगों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने कहा कि खेल और सामाजिक जागरूकता को जोड़ने वाला यह आयोजन युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि एचआईवी के खिलाफ जागरूकता की लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आयोग के पूर्व सदस्य विशाल तिर्की ने कहा कि समय पर जांच और नियमित उपचार से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने ऐसे कार्यक्रमों को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

साइक्लोथॉन के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में सरजोम मुंडी ने पहला, सुंदर मुर्मू ने दूसरा और राजेश महतो ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सबिता सरदार प्रथम, रिंकू सिंह द्वितीय तथा गुलंची बंदा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमशः 11 हजार, 9 हजार और 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जमशेदपुर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अविष्कार फाउंडेशन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, टाटा स्टील के मैनेजर हसन इमाम मलिक, जिला खेल पदाधिकारी सच्चिदानंद महतो, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, रमण सिंह बंटी, संजीव रंजन सिंह, सोनू तिवारी, माईकल मिंज सहित अनेक गणमान्य लोग, खिलाड़ी और युवा उपस्थित रहे।

Related Post