किस्को/लोहरदगा: जिले में लगातार हो रही बारिश का कहर गरीब परिवारों पर भारी पड़ रहा है। लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत बेटहट पंचायत के आनंदपुर गांव में शनिवार देर रात हुई तेज बारिश से एक गरीब परिवार का कच्चा खपड़ैल मकान धराशायी हो गया। हादसे में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन घर में रखा खाद्यान्न, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, आनंदपुर निवासी छौवनी उरांव अपने परिवार के साथ रात में भोजन करने के बाद घर में सो रही थीं। देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई तेज बारिश के दौरान अचानक उनका कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि मकान गिरने से घर में रखा खाद्य सामग्री, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है। घर टूट जाने के कारण परिवार के सामने रहने और दैनिक जीवन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वार्ड सदस्या तंगेन तिग्गा मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
तंगेन तिग्गा ने कहा कि छौवनी उरांव का परिवार बेहद गरीब है। ऐसे में प्रशासन से मिलने वाली सहायता उनके घर की मरम्मत और परिवार के पुनर्वास में महत्वपूर्ण साबित होगी। फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और सरकारी मदद की आस लगाए हुए है।

