चौका। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक ढाबा संचालक को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। चौका-कांड्रा मुख्य मार्ग पर घाटदुलमी स्थित माउंट टेन व्यू ढाबा एंड रेस्टोरेंट में गुरुवार देर रात चार अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे और खाना खाने के बाद पिस्टल दिखाकर करीब सात हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूटकर चौका की ओर फरार हो गये।
जानकारी के अनुसार, देर शाम दो बाइक से चार युवक ढाबे पर पहुंचे थे। दोनों बाइकों में एक आर-15 और दूसरी स्प्लेंडर बतायी जा रही है। चारों युवकों ने ढाबे में मछली-भात का ऑर्डर दिया और भोजन करने के बाद बिल चुकाने के लिए काउंटर के पास पहुंचे। इसी दौरान एक युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली। ढाबा संचालक प्रकाश महतो ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधी का हाथ पकड़कर विरोध करने की कोशिश की।
संचालक के विरोध से अपराधी बौखला गये। इसी दौरान दूसरे अपराधी ने हथौड़े से प्रकाश महतो के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गये। इसके बाद अपराधियों ने काउंटर में रखे करीब सात हजार रुपये निकाल लिये और संचालक तथा एक कर्मचारी के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिये। वारदात के दौरान पिस्टल निकालते समय एक गोली जमीन पर गिर गयी, जिसे अपराधी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही चौका पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से चौका क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। कुछ दिन पहले बानसा स्थित सरकारी शराब दुकान में लूट का प्रयास किया गया था। उसी रात उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से करीब 25 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आयी थी। इसके अलावा उरमाल गांव में चोरी के मामले में अपराधियों द्वारा छोड़ी गयी एक कार भी चौका थाना पुलिस ने जब्त की है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

