Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

जमशेदपुर में भरतनाट्यम की गूंज: 4 सितंबर को ‘डिवाइन मूवमेंट्स’ का आयोजन, दिखेगी गुरु-शिष्य परंपरा की झलक

​जमशेदपुर: सप्तक डांस एकेडमी की ओर से आगामी 4 सितंबर को कुडी महंती ऑडिटोरियम में भरतनाट्यम पर आधारित विशेष सांस्कृतिक संध्या ‘डिवाइन मूवमेंट्स’ का आयोजन किया जा रहा है। इस मंच पर चार साल के बच्चों से लेकर 20 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध रंगत पेश करेंगे।

​इस आयोजन के जरिए भरतनाट्यम की लय, भाव, भक्ति और आध्यात्मिकता को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मूषिक वाहन, पुष्पांजलि, गजाननयुतम्, श्लोकांजलि, अंगिकम् भुवनम्, तोडयमंगलम्, कमल लोचना, भज गोविन्दम्, तिल्लाना, मधुराष्टकम् और गरुड़ गमन जैसी पारंपरिक रचनाओं पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

​एकेडमी की संस्थापक व निदेशक तियाली मित्तर के मार्गदर्शन में इन विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम की बारीकियां सीखी हैं। तियाली मित्तर लंबे समय से नई पीढ़ी को शास्त्रीय नृत्य की परंपरा, अनुशासन और कलात्मक संस्कारों से जोड़ने में जुटी हैं।

​सांस्कृतिक मंच पर दिखेगा गुरु-शिष्य परंपरा का संगम
​’डिवाइन मूवमेंट्स’ का मुख्य आकर्षण गुरु-शिष्य परंपरा से जुड़ा एक भावुक पहलू भी है। एकेडमी की पूर्व छात्रा प्रिया गुप्ता चक्रवर्ती ने महज चार साल की उम्र में अपनी बहन रिया के साथ तियाली मित्तर से भरतनाट्यम की शुरुआती सीख ली थी।

​दशकों बाद एक स्थापित नृत्यांगना के रूप में प्रिया पुणे से वापस अपनी पुरानी एकेडमी पहुंचीं और वर्तमान विद्यार्थियों के लिए सात दिनों की विशेष भरतनाट्यम कार्यशाला का संचालन किया। प्रिया ने प्रयाग संगीत समिति (इलाहाबाद) से भरतनाट्यम में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) की पढ़ाई पूरी की है, जहां उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था।

Related Post