जमशेदपुर। लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका और उनकी सक्रिय भागीदारी को लेकर मंगलवार को एबीएम कॉलेज, जमशेदपुर में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू शामिल हुईं। उनके साथ एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार, जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर और युवा आइकन मानव घोष उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में युवा नागरिकों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान युवा आइकन मानव घोष ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘आपका वोट, आपकी आवाज’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की उपयोगिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता की जिम्मेदारी को विस्तार से समझाया। उन्होंने युवाओं से अपने मतदान अधिकार के प्रति सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विधायक पूर्णिमा दास साहू और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शासन व्यवस्था में युवाओं की भूमिका, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल उठाए। विधायक ने विद्यार्थियों के विचारों और जिज्ञासाओं को सुना। इस संवाद के माध्यम से युवाओं को जनप्रतिनिधि के सामने अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला।
यह आयोजन देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चल रहे विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा था। अभियान का उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद स्थापित कर विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक शपथ लेकर संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान, नागरिक कर्तव्यों के पालन तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन दिव्या पूर्ति ने किया। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन कर अतिथियों, आयोजकों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।

