जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित दीपावली ट्रेड फेयर को शहरवासियों का भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है। मेले में शहरवासी और चैंबर के सदस्य सपरिवार पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर रहे हैं और दीपावली की खरीदारी कर रहे हैं। लोगों की अच्छी भागीदारी से स्टॉल संचालकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मेले में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वैदगिरि और पूर्व प्रोफेसर एवं पूर्व मिसेज झारखंड आरती निझावन ने भी शिरकत की। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए चैंबर की पहल की सराहना की।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि ट्रेड फेयर का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों और स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की भागीदारी इस पहल की सफलता को दर्शाती है।
वहीं, चैंबर उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है।
चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि लोगों का उत्साहजनक प्रतिसाद चैंबर के प्रयासों को सार्थक बना रहा है। यह ट्रेड फेयर महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त मंच है।
इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, भारत मकानी, विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया, मनोज गोयल, पवन शर्मा सहित चैंबर के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने शहरवासियों से दीपावली ट्रेड फेयर में पहुंचकर महिला उद्यमियों और स्थानीय कारोबारियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

