जमशेदपुर: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को साकची थाना परिसर में शांति समिति और पूजा समितियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने की। इसमें साकची थाना क्षेत्र की करीब 16 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और पूजा के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, यातायात और विसर्जन मार्ग से जुड़ी समस्याएं रखीं।
बैठक में साकची क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती का निर्णय लिया गया। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
काशीडीह में भीड़ को देखते हुए विशेष चौकसी
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने कहा कि काशीडीह पूजा पंडाल और मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में वहां विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था रखी जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों से अपने वॉलिंटियर्स के नाम और मोबाइल नंबर थाना को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पुलिस और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
शांति समिति के सदस्यों से सप्तमी से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सक्रिय रहकर पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। पूजा समितियों को अपने स्तर पर प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स की तैनाती करने और किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
सफाई, हाईमास्ट लाइट और बसों को हटाने की मांग
बैठक में आमबागान पूजा समिति ने मैदान की साफ-सफाई कराने, हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त करने और मैदान में खड़ी बसों को हटाने की मांग रखी। पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूजा से पहले इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं बाल मंदिर पूजा समिति, साकची बाजार की ओर से विसर्जन के दिन लगने वाले हाट और फुटपाथ दुकानों का मुद्दा उठाया गया। समिति ने विसर्जन मार्ग को पूरी तरह खाली रखने की मांग की, ताकि प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
पूजा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन
बैठक में जुस्को के पदाधिकारी सतीश कुमार तिवारी और राजीव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। पूजा समितियों की ओर से रखी गई समस्याओं को उन्होंने दर्ज किया। पेड़ कटाई, साफ-सफाई और लाइटिंग समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को पूजा से पहले दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया गया।
शांति समिति सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और खुशी का पर्व है। प्रशासन, पूजा समितियों और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से विसर्जन मार्ग, साफ-सफाई, रोशनी और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि पुलिस-प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पूजा समिति से ओम प्रकाश, देबाशीष नाहा, मनोज मिश्रा, राकेश साहू, डीके घोष, विकास दुबे, तरुण कुमार साहू, सुशांत साहू, अमित कुमार सिंह, अंकित जवानपुरिया, शशांक बाजपेई, विकास सिंघानिया, सैयद कलीम, तेज प्रताप पांडे, उमेश शर्मा, सोनू राजा खान, परमजीत सिंह काले, हरविंदर सिंह, हसीन अहमद, आदर्श मेहंदी, सनी संघी, डॉ. उधम सिंह, सोनू रज़ा ख़ान, जमाल अहमद, शांतनु बोस और मुन्ना खान समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
साकची थाना की ओर से थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, संजीव कुमार, डीएसपी (नगर) राजीव कुमार, अभिनव कुमार, सुमित कुमार, मुकेश कुमार और पुलिस आरक्षी निरीक्षक पंकज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी बैठक में उपस्थित रहे।

