Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

एम्बुलेंस में छिपाकर ले जाया जा रहा था 82.98 किलो गांजा, सिमडेगा में चार तस्कर गिरफ्तार

सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक एम्बुलेंस से 82.98 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ 83 पैकेट में तीन बोरियों के अंदर रखा गया था। पुलिस के अनुसार तस्करी का यह खेप ओडिशा से रांची ले जाया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7.15 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से सिमडेगा के रास्ते कोलेबिरा की तरफ एक एम्बुलेंस में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर कोलेबिरा थाना पुलिस ने वन विभाग चेकनाका के पास वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सिमडेगा की ओर से आ रही फोर्स ट्रैवलर एम्बुलेंस संख्या यूपी76के-6783 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एम्बुलेंस को पकड़ लिया।

वाहन में सवार लोगों की पहचान रवि कुमार निवासी चौमा, थाना जैत, जिला मथुरा, सुनील कुमार निवासी सतियाखेड़ा, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद, भारत भूषण निवासी नांगलोई, थाना नेहाल विहार, पश्चिमी दिल्ली और 22 वर्षीय मोहित पाण्डेय निवासी नांगलोई, थाना नेहाल विहार, पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कोलेबिरा अनूप कच्छप की मौजूदगी में एम्बुलेंस की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन बोरियों से 83 पैकेट में रखा 82.98 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने 27 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर रांची ले जाया जा रहा था।

मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 66/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी)/22(सी) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Post