जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने रविवार को बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लेकर रक्तदान किया।
आयोजकों ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं के साथ आम लोगों की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जनसहयोग मिला।
भाजपा नेताओं ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
रक्तदान शिविर के दौरान पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां, भाजपा प्रदेश सह संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ एवं विशेष आमंत्रित सदस्य जटाशंकर पांडे, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, मीडिया प्रभारी प्रेम झा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया गया तथा सेवा अभियान के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई।

