बोकारो। चार दिनों से लापता 42 वर्षीय महिला केशुवती देवी का शव पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल में जमीन खोदकर बरामद किया है। महिला चार सितंबर को घर से काम करने के लिए निकली थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों की सूचना पर सेक्टर-12 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
महिला के पुत्र ढुल्लू, निवासी तेतुलिया भट्ट टोला, ने पुलिस को बताया था कि चार सितंबर को उसकी मां केशुवती देवी काम के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर सेक्टर-12 थाना में इसकी सूचना दी गई। मामले में मुस्तकीम अंसारी को आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने मुस्तकीम अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला की गला दबाकर हत्या करने और शव को जंगल में दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर उसकी निशानदेही पर मोहनडीह जंगल पहुंची।
मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित स्थान पर खुदाई कराई गई। जमीन के अंदर से महिला का शव बरामद किया गया। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ मामले में आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

