Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

सिनेमा हॉल में रंगदारी मांगने के मामले में कुख्यात अपराधी समेत चार गिरफ्तार, दो पिस्टल और छह कारतूस बरामद

देवघर। देवघर नगर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के भीतर मारपीट कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी संगठित अपराध गिरोह से जुड़े हैं और इनके खिलाफ 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर की रात अमरनाथ केशरी अपने बेटे और परिवार के साथ विजय आइलेक्स में फिल्म देखने गए थे। मध्यांतर के दौरान कुख्यात अपराधी विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और अमरनाथ केशरी के बेटे के साथ मारपीट करते हुए रंगदारी की मांग की। घटना को लेकर अमरनाथ केशरी के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 357/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम संदिग्धों से पूछताछ के साथ लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 13 सितंबर को करीब तीन बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी अपने साथियों और हथियारों के साथ ब्लैक स्कॉर्पियो में सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के समीप हरिशरणम कुटिया के पीछे चारों आरोपियों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी, विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस, सौरभ श्रृंगारी और प्रशांत कुमार झा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान विकास पलिवार के पास से एक पिस्टल, रिषभ राज के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, सौरभ श्रृंगारी के पास से दो जिंदा कारतूस तथा प्रशांत कुमार झा के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से जेएच-15-एआर-2703 नंबर की ब्लैक स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।

इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 358/26, दिनांक 13 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े अनुभव नरौने उर्फ सोनू नरौने, छोटू श्रृंगारी, आस्तिक पलिवार और मोनू पंडित भी अपराध में सहयोगी के रूप में सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य हथियार का भय दिखाकर दुकानदारों से छिनतई और रंगदारी वसूलने, राहगीरों को धमकाने तथा रंगदारी के बल पर जमीन पर कब्जा करने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, नगर थाना के थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार, सूरज कुमार, सुमन्त प्रसाद, राजू रजवार, अरविंद कुमार सहित नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Related Post