Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

*मानगो गुरुद्वारा में 85 यूनिट रक्त संग्रह, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 422वें प्रथम प्रकाश पर्व पर रक्तदान शिविर का आयोजन*

जमशेदपुर।श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 422वें पावन प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को मानगो स्थित श्री गुरु सिंह सभा मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा स्त्री सत्संग सभा के सहयोग से रक्तदान शिविर में 85 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
शिविर का संचालन एमजीएम ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 85 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा, मानगो के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। रक्तदान इसी भावना को धरातल पर उतारने का एक श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वहीं, आयोजक स्त्री सत्संग सभा की प्रधान सुखवंत कौर और महासचिव गुरप्रीत कौर ने रक्तदाताओं का धन्यवाद कर उनका उन्होंने आभार जताते हुए समाज के युवाओं से भी नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी प्रमुख केंद्र है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व पर आयोजित रक्तदान शिविर में 85 यूनिट रक्त संग्रह होना संगत की सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है और जरूरतमंद की जान बचाना सबसे बड़ी सेवा है।”
शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया तथा उन्हें मानवता की सेवा के लिए धन्यवाद दिया गया। आयोजन के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

Related Post