Breaking
Sat. Sep 12th, 2026

दिनदहाड़े चोरी का खुलासा, साकची पुलिस ने शातिर चोर सुमित दास उर्फ लंगड़ा को दबोचा

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के तमड़िया रोड स्थित सुधांशु आदित्य के क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह निवासी 25 वर्षीय सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के अलावा वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी और छैनी बरामद की गई है। पुलिस की जांच में इस घटना का संबंध कदमा थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी से भी सामने आया है।

शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि तमड़िया रोड स्थित क्वार्टर में चोरी की शिकायत मिलने के बाद साकची थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना के उद्भेदन के लिए नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच की गई। इसी क्रम में मिले सुराग के आधार पर पुलिस सुमित दास उर्फ लंगड़ा तक पहुंची और उसे साकची क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सुमित ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का पंजरा यानी मेहंदी छल्ला, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की अंगूठी और चांदी की अंगूठी का टूटा हुआ टुकड़ा बरामद किया है। बरामद सोने की अंगूठी का वजन 7.22 ग्राम और सोने के पंजरा का वजन करीब 66 ग्राम है। वहीं चांदी की पायल 7.37 ग्राम, चांदी की अंगूठी दो ग्राम और टूटे हुए चांदी के टुकड़े का वजन 1.9 ग्राम बताया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को सुमित के कदमा थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी से जुड़े होने की जानकारी मिली। इस मामले में मोहम्मद जाफर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब जाफर को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि साकची और कदमा की घटनाओं के अलावा शहर में हुई अन्य वारदातों में दोनों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

सुमित दास का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2020 में चोरी का मामला तथा बिष्टुपुर थाना में वर्ष 2025 में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस निरीक्षक सह साकची थाना प्रभारी जी के यादव और अनुसंधानकर्ता अभिनव कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और उनकी पूर्व की आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Related Post