जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विशेष अनुसंधान दल (SIT) की कार्रवाई में अब तक चोरी की 25 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि गुड़ाबांदा थाना कांड संख्या 14/2026 की जांच के दौरान गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर 17 दोपहिया वाहन बरामद किए जा चुके थे।
गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में सामने आए संदिग्धों के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व और मुसाबनी डीएसपी की अगुवाई में SIT का गठन किया गया। टीम तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों के सत्यापन के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास दो लोगों के चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की योजना बनाने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों से बाइक-स्कूटी चोरी कर ग्रामीण इलाकों में बेचने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर आठ और वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में छोटा गोविंदपुर निवासी 24 वर्षीय सुखदेव लोहरा, पिता राजेंद्र लोहरा तथा मुसाबनी के लाटिया इंगरीडीह निवासी तोता महली उर्फ टोपा महली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुखदेव लोहरा के खिलाफ आरआइटी आदित्यपुर और उलीडीह ओपी में पूर्व से मामले दर्ज हैं, जबकि तोता महली के खिलाफ इस मामले के अलावा कोई अन्य आपराधिक मामला नहीं है। बरामद वाहनों में टीवीएस रेडर, स्प्लेंडर प्लस, होंडा एक्टिवा, पैशन प्रो समेत अन्य वाहन शामिल हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान में जुटी है।

