Breaking
Thu. Sep 10th, 2026

*सेल क्वार्टर पर देवर के कब्जे का आरोप, महिला ने गुवा थाना में दी शिकायत*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा सेवा नगर निवासी संतोषी करुवा ने अपने देवर गुरुचरण करुवा के खिलाफ गुवा थाना में लिखित शिकायत देकर सेल प्रबंधन द्वारा उनके नाम आवंटित क्वार्टर को खाली कराने की मांग की है।

संतोषी करुवा ने शिकायत में बताया कि वह गुवा सेल में ठेका मजदूर के रूप में काम करती हैं। सेल प्रबंधन ने उन्हें सेवा नगर स्थित सी-टाइप आवास क्वार्टर संख्या बीसी-97 आवंटित किया है। उन्होंने बताया कि वह अपनी चार बेटियों के साथ पति द्वारा बनाए गए कच्चे मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया है। इसके बाद से वह चार बेटियों के साथ तिरपाल लगाकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

संतोषी करुवा का आरोप है कि उनके नाम आवंटित सेल क्वार्टर पर उनके देवर गुरुचरण करुवा ने कब्जा कर रखा है। कई बार क्वार्टर खाली करने के लिए कहने के बावजूद उसे खाली नहीं किया गया। इस संबंध में सेल प्रबंधन को भी लिखित शिकायत दी गई है।

उन्होंने बताया कि करीब पांच माह पहले भी क्वार्टर खाली कराने को लेकर गुवा थाना में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। 2 सितंबर को भी उन्होंने थाना में लिखित शिकायत दी थी। संतोषी करुवा ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उनके नाम आवंटित क्वार्टर को खाली कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और चार बेटियों के साथ खुले में रहने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

Related Post