Breaking
Thu. Sep 10th, 2026

*मेघाहातुबुरु में क्लब और केबल टीवी कंट्रोल रूम में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सेल मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से सेल कर्मियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। 9 और 10 सितंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने सामुदायिक भवन (क्लब) और उसके बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सामान की चोरी कर ली।

बताया गया कि वारदात से पहले चोरों ने सामुदायिक भवन के बाहर लगे दो बिजली खंभों की लाइट के तार नीचे से काट दिए। इससे परिसर में अंधेरा हो गया। इसके बाद चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर क्लब के मुख्य गेट के पास स्थित दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। दो-तीन दरवाजे खोलते हुए चोर स्टोर रूम तक पहुंचे। वहां रखे साउंड सिस्टम से जुड़े मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन हैलोजन लाइट चोरी कर ली।

इसके बाद चोरों ने बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का भी ताला तोड़ दिया। वहां से केबल तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए।

क्लब परिसर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। मेघाहातुबुरु में इससे पहले भी मार्केट स्थित शराब दुकान, आसपास की दुकानों, प्रोस्पेक्टिंग क्षेत्र की एक दुकान और सेल के मेंटेनेंस ऑफिस में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ घटनाओं में संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए थे, लेकिन अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सेल कर्मियों, दुकानदारों और आम लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Post