Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

जन्माष्टमी को लेकर जमशेदपुर में 22 घंटे भारी वाहनों का प्रवेश बंद

जमशेदपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को लेकर जमशेदपुर शहर में शुक्रवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही और शहर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए जिला प्रशासन ने 4 सितंबर को भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह नो एंट्री शुक्रवार सुबह 4 बजे से शुरू होकर रात 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।

जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक इस अवधि में भारी और व्यावसायिक वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि यात्री बसों को नो एंट्री से बाहर रखा गया है, जिससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी नहीं हो। इसके अलावा आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी आवागमन की अनुमति रहेगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव का पालन करें और निर्धारित समय के दौरान भारी वाहनों को शहर की ओर लेकर न आएं।

नो एंट्री को लेकर गुरुवार को उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी एहतेशाम वकारिब और डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया। प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखना है।

Related Post