Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

निखार सबलोक हत्याकांड का खुलासा, 15 लाख की सुपारी देकर कराई गई हत्या; मास्टरमाइंड समेत छह गिरफ्तार

जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित टेंथ माइल रेस्टोरेंट में 24 अगस्त को हुई निखार सबलोक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।यह जानकारी एस एस पी एहतेशाम वकारिव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह हत्या आपराधिक गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई और जमीन विवाद से जुड़ी थी। हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मामले में कथित मास्टरमाइंड अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो पिस्टल, छह मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आई-10 कार बरामद की है।

निखार सबलोक को रेस्टोरेंट में गोली मारे जाने के बाद गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। उनके पिता संजीव सबलोक के लिखित आवेदन पर चांडिल थाना कांड संख्या 115/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सिंहभूम कोल्हान क्षेत्र के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस रांची पहुंची और वारदात में प्रयुक्त आई-10 कार बरामद की। पुलिस के अनुसार घटना के दिन सुनील रजक कार चला रहा था, जबकि रितेश सिंह उसके बगल में बैठा था। पीछे शूटर अंकित सिंह और उसका एक साथी मौजूद था। रितेश ने रेस्टोरेंट के अंदर जाकर निखार की मौजूदगी की पुष्टि की और बाहर आकर शूटरों को संकेत दिया। इसके बाद निखार को गोली मार दी गई। आरोपी रांची की ओर भागे और वहां आई-10 छोड़कर दूसरी कार से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशिल केराई, उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशिल केराई और अंकित सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियार, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम में जमशेदपुर के नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीना, सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवप्रकाश कुमार, सरायकेला के प्रभारी नक्सल शाखा राजेश कुमार सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, यातायात प्रभारी राजु, अंचल निरीक्षक राजेश टुडू, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, चांडिल थाना प्रभारी संतन् कुमार तिवारी, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, नीमडीह थाना प्रभारी डील्शन बिरुआ, ईचागढ़ थाना प्रभारी बरुण यादव, राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा, ओलीडीह ओपी प्रभारी शारिक अली समेत अन्य अधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Post