Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

शिक्षक दिवस पर पूर्व निदेशक डॉ. एस. श्रीकांत ने शोधार्थियों को दिया नवाचार और उत्कृष्टता का संदेश

जमशेदपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बुधवार को एकेडमी ऑफ साइंटिफिक एंड इनोवेटिव रिसर्च (AcSIR)-एनएमएल साइंस क्लब की ओर से सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर के सहयोग से विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और मार्गदर्शकों की भूमिका को सम्मानित करते हुए युवा शोधार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के पूर्व निदेशक डॉ. एस. श्रीकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनका स्वागत सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने किया। उन्होंने शोध की मजबूत संस्कृति विकसित करने में बेहतर मार्गदर्शन और मेंटरशिप को महत्वपूर्ण बताया। AcSIR-NML के समन्वयक डॉ. वी. राजिनीकांत ने उच्च शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने में AcSIR की भूमिका पर प्रकाश डाला।

डॉ. श्रीकांत ने AcSIR-NML के शुरुआती दौर को याद करते हुए कहा कि संस्थान के विकास की यात्रा कई चुनौतियों से भरी रही, लेकिन वैज्ञानिकों, शिक्षकों और उद्योग जगत के सहयोग से मजबूत आधार तैयार हुआ। उन्होंने शोध कार्यक्रमों की समय-समय पर समीक्षा कर उन्हें नई जरूरतों और तकनीकी बदलावों के अनुरूप विकसित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव से शिक्षा और शोध के तरीके बदल रहे हैं, लेकिन प्रेरणादायी शिक्षक की भूमिका कभी समाप्त नहीं होगी। अपने तीन प्रमुख शिक्षकों प्रो. राजेश प्रसाद, प्रो. पी. रामचंद्र राव और प्रो. टी. आर. अनंतरामन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन ने उनके जीवन और कार्य को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने शोधार्थियों से उत्कृष्टता के लिए निरंतर सीखते रहने का आह्वान करते हुए कहा कि एक महान शिक्षक ही महान विद्यार्थियों का निर्माण करता है।

समारोह के अंत में डॉ. संदीप घोष चौधरी ने डॉ. एस. श्रीकांत को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद शोधार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र हुआ, जिसमें सीएसआईआर-एनएमएल के पूर्व निदेशक डॉ. एस. श्रीकांत और डॉ. आई. चट्टोराज ने हिस्सा लिया। शोधार्थियों ने दोनों पूर्व निदेशकों से वैज्ञानिक अनुसंधान, नेतृत्व और करियर से जुड़े सवाल पूछे तथा उनके अनुभवों से लाभ उठाया।

Related Post