जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित देड़ांग घाट में मंगलवार को सुवर्णरेखा नदी पुल के नीचे मगरमच्छ दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर फैलते ही लोगों को नदी के आसपास जाने से सतर्क किया गया है। दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ऐसे में बाढ़ की संभावित स्थिति के बीच मगरमच्छ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है।
मगरमच्छ देखे जाने की सूचना के बाद धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए लोग किसी भी काम से नदी के किनारे जाने से बचें। खासकर मछली पकड़ने के लिए नदी में उतरने या पुल के आसपास जाने से परहेज करें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और उन्हें नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की है।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आगाह करते हुए कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण स्थिति पहले से ही संवेदनशील है और मगरमच्छ दिखाई देने से खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और यदि किसी व्यक्ति को नदी के आसपास मगरमच्छ दिखाई देता है तो उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास बिल्कुल नहीं करें, बल्कि तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को इसकी जानकारी दें।
लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें तथा सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों का पालन करें।

