जमशेदपुर: श्याम भटली परिवार चेरिटेबल ट्रस्ट जमशेदपुर की ओर से पुरुलिया स्थित श्याम धाम में मासिक महोत्सव और कीर्तन का आयोजन धूमधाम से किया गया। बाबा श्याम की पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ भजनों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना के साथ हुई। इससे पहले शाम 8 बजे बाबा श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। संस्था के अध्यक्ष राजेश पसारी के नेतृत्व में जमशेदपुर, चांडिल और बलरामपुर से 115 श्रद्धालुओं की टीम पुरुलिया स्थित श्याम धाम पहुंची थी।
मासिक महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। छप्पन भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई प्रसाद आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्याम रसोई का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के भजन गायकों महावीर अग्रवाल, अर्पिता, नीरज जालान, जुगल शर्मा, लिप्पू शर्मा, सक्षम पलसानिया, लक्ष्य आगीवाल, उमेश खीरवाल और धीरज सरायवाला ने बाबा श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी। ‘खीर जलेबी दाल चूरमा बाबा खावे जम के…’, ‘मन की बातां सांवरिये नै आज सुणाकै देख ले…’, ‘हारे हारे हारे, तुम हारे के सहारे श्याम…’, ‘खाटू बुला रहा है कृपा नहीं तो क्या है…’ और ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आणो है…’ जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इसके अलावा ‘सांवरा जब है साथ तो डरने की क्या है बात…’, ‘मेरे शीश के दानी का सारे जग में डंका बाजे…’, ‘थाली भरकर लायी रे खिचड़ो, ऊपर घी की बांट की…’, ‘आज खेलेंगे पत्ते की बाजी, मेरा श्याम है बड़ा मिजाजी…’ और ‘हर जन्म में सांवले का साथ चाहिए…’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और देर रात तक बाबा श्याम की भक्ति में डूबे रहे।
महोत्सव को सफल बनाने में राजेश पसारी, दीपक भालोटिया, सुधीर अग्रवाल, अनील गोयल, प्रदीप मित्तल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, देवाशीष चौधरी, सुनीता पसारी, रितु शर्मा, खुशबू कांवटिया, शालिनी खिरवाल, निशा सिंघल, कविता अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता और विनोद मित्तल समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

