Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

तारापीठ के होटल में तड़के भीषण आग, पांच श्रद्धालुओं की मौत, कई झुलसे

पश्चिम बंगाल। प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ स्थित मां तारा मंदिर के समीप एक निजी होटल में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु और होटल में ठहरे अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में कुछ की मौत दम घुटने से हुई, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। होटल मालिक के बेटे कल्याण पाल के मुताबिक, होटल के एक कमरे में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग फैलने लगी। नाइट गार्ड ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल होटल के दूसरे कर्मचारी को इसकी जानकारी दी। बिजली की आपूर्ति बंद करने के प्रयास में जम्पर नीचे गिराया गया, जिसके बाद तारों में आग फैल गई और होटल की बिजली पूरी तरह गुल हो गई।

आग लगते ही होटल का फायर अलार्म बज उठा। उस समय अधिकांश लोग अपने कमरों में सो रहे थे। अलार्म की आवाज सुनकर लोगों में हड़कंप मच गया और सभी सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान होटल के भीतर तेजी से धुआं भर गया। बिजली चले जाने से चारों ओर अंधेरा छा गया और धुएं के कारण लोगों को रास्ता तलाशने में काफी परेशानी हुई। कई लोग दम घुटने के कारण बेहोश होकर गिर पड़े।

आग और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

बचाव अभियान के दौरान झुलसे और बेहोश लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। कई घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों और होटल में अग्निसुरक्षा के इंतजामों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे में हताहतों की संख्या के संबंध में और जानकारी सामने आ सकती है।

Related Post