चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय चाईबासा के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा बलों और एनसीसी के जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुवा ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर सरकार राज्य के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने जिले के लोगों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाया जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों को मिल सके।
इससे पहले मंत्री दीपक बिरुवा ने पुलिस लाइन परिसर स्थित स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों और महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद ध्वजारोहण और परेड निरीक्षण का कार्यक्रम हुआ।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के आयुक्त, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। परेड के दौरान सुरक्षा बलों और एनसीसी के विभिन्न दलों ने अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भी ध्वजारोहण किया गया। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे जिले में तिरंगे की आन, बान और शान के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया।

