Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

*मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाशों ने छीनी चेन, सड़क पर गिरकर घायल हुईं*

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं, जबकि वारदात के बाद दोनों अपराधी बाइक से तेजी से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार बाराद्वारी निवासी तरुणा झा गुरुवार सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थीं कि इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार अपराधी पहुंचे और महिला के गले से चेन झपट ली। अचानक हुई इस घटना से महिला संभल नहीं सकीं और सड़क पर गिर गईं। घटना के बाद अपराधी बिना रुके मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद आसपास के लोगों ने महिला को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post