Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

आर्का जैन कॉलेज मार्ग पर 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार

सरायकेला। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्हरिया थाना पुलिस ने दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार युवकों की पहचान जीवनपुर निवासी मो. कलीम खान और कोलाबिरा निवासी प्रदीप महतो के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गम्हरिया पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक ब्राउन शुगर लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार के नेतृत्व में टीम ने आर्का जैन कॉलेज जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मो. कलीम खान के पास से नौ ग्राम और प्रदीप महतो के पास से तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित तस्करी नेटवर्क से संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।

Related Post