Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

दो साल से सड़क निर्माण अटका तो भड़के विधायक संजीव सरदार, दो संवेदकों पर कार्रवाई, नए सिरे से काम कराने का निर्देश

जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर सोमवार को विधायक संजीव सरदार ने जमशेदपुर परिसदन में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कई सड़कों का काम टेंडर और आवंटन के बावजूद शुरू नहीं होने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि जब योजनाओं का काम दो-दो वर्ष से लंबित है तो जिम्मेदार संवेदकों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

अधिकारियों ने बताया कि पोटका प्रखंड में सरमदा-सानग्राम, सादेडीह-पोरा, समाईडीह-खापरसाई और रोलाडीह-खापरसाई सड़क सुदृढ़ीकरण का काम सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। कई नोटिस जारी होने के बावजूद कंपनी ने काम शुरू नहीं किया। इसी तरह करीब 11.14 करोड़ रुपये की अन्य सड़क सुदृढ़ीकरण योजनाओं में भी अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। कई स्थानों पर केवल प्रारंभिक कार्य ही किए गए हैं, जबकि कई सड़कों पर काम शुरू तक नहीं हुआ।

करीब 16.52 करोड़ रुपये की लागत वाली हाता-जादूगोड़ा-भुजुडीह, दबंकी-गोबरागोड़ा-मानपुर, कुलडीहा-राखा माइंस रेलवे स्टेशन और शाहजोरी-सोनापास सड़क की विशेष मरम्मत योजनाएं भी अधूरी हैं। इन मामलों में भी सिरहा कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। वहीं रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा और कुदादा-छोटा तलसा सड़क का काम शुरू नहीं करने पर मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को डीबार करने की अनुशंसा की गई है।

विधायक ने निर्देश दिया कि लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर लंबित योजनाओं का री-टेंडर कराया जाए और निर्माण कार्य जल्द शुरू हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें विकास की बुनियादी जरूरत हैं और जनता के हित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों ने यह भी बताया कि पोटका में तीन नई सड़कों का जल्द भूमिपूजन होगा। गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा, हल्दीपोखर चौक-हेंसल सीमा और दीगरसाईं-पोडसागोड़ा सड़क का निर्माण करीब 6.19 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है और सड़क, बिजली, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।

Related Post