Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

सुल्तानगंज पहुंची बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की कांवर यात्रा, 1000 कांवरिया करेंगे अपराध और नशामुक्त जमशेदपुर का संकल्प

जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से 9 अगस्त को जमशेदपुर से रवाना हुई निशुल्क कांवर यात्रा सोमवार को सकुशल सुल्तानगंज पहुंच गई। सुल्तानगंज पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल सभी कांवरियों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि जांच में सभी कांवरिया स्वस्थ पाए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच फल और पहचान पत्र का वितरण किया गया।

विकास सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सभी कांवरिया उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर अपने-अपने कांवर में पवित्र जल भरेंगे और पैदल कांवरिया पथ से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। यात्रा के दौरान कांवरियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरने के दौरान करीब एक हजार कांवरिया सामूहिक रूप से जमशेदपुर को अपराध और नशे से मुक्त बनाने का संकल्प लेंगे। इसके साथ ही बाबा बैद्यनाथ से जमशेदपुर में अमन, शांति और भाईचारा कायम रहने की प्रार्थना की जाएगी।

संकल्प कार्यक्रम के बाद कांवरिया करीब 14 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर असरगंज स्थित धांधी बिलारी धर्मशाला पहुंचेंगे। यहां रात में सभी कांवरियों के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है। इसके बाद यात्रा अगले पड़ाव की ओर आगे बढ़ेगी।

Related Post