Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

जेपीएससी\-जेएसएससी आंदोलन को पीयूष मिश्रा का समर्थन, छात्रों के बीच पहुंचकर बढ़ाया उत्साह

रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को उस समय समर्थन मिला, जब अभिनेता और रंगकर्मी पीयूष मिश्रा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों को सुना और उनके संघर्ष के प्रति अपना समर्थन जताया।

पीयूष मिश्रा ने कहा कि छात्रों की परेशानी और उनकी आंखों में दिखाई दे रहे आंसुओं ने उन्हें आंदोलन स्थल तक आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बारिश और तमाम मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद छात्र जिस तरह अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि अपनी क्षमता के अनुसार आंदोलन में आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में भी मदद करेंगे।

छात्रों से बातचीत के दौरान पीयूष मिश्रा ने उन्हें संघर्ष जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद उन्होंने अपना चर्चित कविता-गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ प्रस्तुत किया। उनके गीत के साथ आंदोलनरत छात्रों ने भी सुर मिलाया। इससे प्रदर्शन स्थल पर उत्साह और जोश का माहौल बन गया।

पीयूष मिश्रा ने छात्रों की एकजुटता और हौसले की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जिस तरह अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “तुम लोग बहुत बढ़िया कर रहे हो यार।” उनके पहुंचने से आंदोलनरत छात्रों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

Related Post