कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोडरमा की ओर से 8 अगस्त को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को छोटकीबागी निवासी महिला ने कोडरमा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि 2 अगस्त 2026 की शाम करीब 3 बजे उनकी नाबालिग पुत्री को घर में अकेला पाकर उनके बगल में किराए पर रहने वाले रूपलाल मेहता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आवेदन के आधार पर कोडरमा थाना कांड संख्या 149/26 के तहत धारा 65(2) बीएनएस एवं 4/6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कोडरमा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया। टीम में तकनीकी शाखा के कर्मियों को भी शामिल किया गया। पुलिस के अनुसार, टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी और अनुसंधान किया। इसी क्रम में नामजद आरोपी रूपलाल मेहता, पिता जगदीश मेहता, निवासी मसनोडीह, थाना डोमचांच, जिला कोडरमा को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी टीम में पुअनि सह महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी, पुअनि धनेश्वर कुमार, सौरभ शर्मा, कोडरमा थाना और सशस्त्र बल, कोडरमा थाना एवं तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।
पोक्सो कांड के फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

