चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा राणा उर्फ शेखर राणा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राम बहादुर राणा का पुत्र है और वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो स्थित छायानगर में रहता है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम भादुडीह के समीप एनएच-33 पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल लेकर जा रहे कृष्णा राणा को पकड़ा।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस मामले में चांडिल थाना में कांड संख्या 106/26, दिनांक 7 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के मुताबिक वह करीब दस दिन पहले ही ओलीडीह ओपी क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में लगभग ढाई वर्ष जेल में रहने के बाद बाहर आया था। जमशेदपुर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है। मामले की जांच जारी है।

