रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन गुरुवार को JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। भाजपा, आजसू और LJP के विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर भर्ती घोटाले की CBI जांच कराने की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान आजसू विधायक निर्मल महतो सरकारी नौकरियों की कथित “रेट लिस्ट” वाला पोस्टर गले में लटकाकर पहुंचे। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के जरिए उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब तक राज्य सरकार JPSC-JSSC मामले की CBI जांच की अनुशंसा नहीं करती, तब तक छात्रों के हक और न्याय की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी।
इधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने पर पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक समेत विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और कला जगत की दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

