Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

साकची में बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक घायल, टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के पुराने कोर्ट मोड़ के पास बुधवार दोपहर सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। घायल की पहचान मानगो निवासी सुमित गुप्ता के पुत्र अमन कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घायल के पिता सुमित गुप्ता ने बताया कि उनका पुत्र अमन कुमार गुप्ता महिंद्रा कंपनी में कार्यरत है। बुधवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपनी स्कूटी से घर भोजन करने जा रहा था। इसी दौरान पुराने कोर्ट मोड़ के पास एक बस से उसकी टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार युवक अचानक बस के आगे सड़क पर गिर गया। बस चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद बस की चपेट में आने से युवक घायल हो गया। लोगों का कहना है कि चालक की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को रोक लिया। हालांकि चालक ने अपनी सफाई में कहा कि दुर्घटना में उसकी कोई गलती नहीं थी। उसके अनुसार स्कूटी सवार स्वयं संतुलन खोकर बस के सामने गिर गया था और उसने वाहन रोककर उसे बचाने की पूरी कोशिश की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

Related Post