Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

एमजीएम थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 88 लीटर शराब समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया गया। कार्रवाई के दौरान 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के अलावा शराब निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।

सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने तुरियाबेड़ा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। जांच के दौरान मकान से करीब 70 लीटर तैयार रंगीन नकली विदेशी शराब बरामद हुई। वहीं दो कार्टन में रखी लगभग 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब भी जब्त की गई।

छापेमारी में विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले फ्रंट एवं रियर लेबल, शराब को रंग और स्वाद देने में इस्तेमाल होने वाला कैरामेल, नकली उत्पाद आसंजक (EAL) सहित बड़ी मात्रा में अन्य उपकरण और सामग्री भी बरामद की गई, जिनका उपयोग नकली विदेशी शराब तैयार करने और उसकी पैकेजिंग में किया जा रहा था।

उत्पाद विभाग के अनुसार यह मिनी फैक्ट्री रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू कुमार महतो द्वारा संचालित की जा रही थी। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत एवं कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध एवं नकली शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post