चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कांग्रेस के जिला प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने उपायुक्त को पत्र सौंपकर जिले में संचालित सभी मालवाहक ट्रकों में खलासी (सहायक) की अनिवार्य नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
त्रिशानु राय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम खनन एवं औद्योगिक जिला होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन होता है। ऐसे में बिना खलासी के ट्रकों का संचालन गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी तक लगातार अकेले वाहन चलाने से चालक शारीरिक और मानसिक रूप से थक जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। समय रहते इस समस्या पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो दुर्घटनाओं में कमी लाना मुश्किल होगा।
त्रिशानु राय ने कहा कि खलासी केवल वाहन का सहायक नहीं होता, बल्कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वाहन को पीछे कराने, संकरे और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर चालक का मार्गदर्शन करने, आपातकालीन स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने तथा चालक की थकान के दौरान सहयोग देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि जिले के सभी मालवाहक ट्रकों में खलासी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही ट्रांसपोर्ट कंपनियों और वाहन मालिकों को सड़क सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
त्रिशानु राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका प्रभावी पालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना किसी न किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति लेकर आती है, इसलिए प्रशासन को इस विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

