Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

एनआईटी छात्र के डूबने से हड़कंप, आसंगी चेक डैम पर एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी, छात्रों ने किया सड़क जाम

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के एक छात्र के डूब जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। डूबने वाले छात्र की पहचान एनआईटी जमशेदपुर के मेटालर्जी विभाग के छात्र मीर हसन के रूप में हुई है। देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था और उसे खोजने के लिए एनडीआरएफ, पुलिस तथा स्थानीय गोताखोरों की टीम संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही थी।

जानकारी के अनुसार, मीर हसन रविवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ आसंगी चेक डैम घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान वह नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद छात्रों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते मीर हसन पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश शुरू कराई। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवान विशेष उपकरणों के साथ चेक डैम में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच भी कर रही है तथा छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

इधर, घटना की खबर मिलते ही एनआईटी जमशेदपुर परिसर में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र आसंगी चेक डैम और आसपास के क्षेत्र में पहुंच गए। बाद में छात्रों ने सड़क पर उतरकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप है कि चेक डैम जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और निगरानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की कि लापता छात्र की जल्द से जल्द तलाश की जाए, घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए चेक डैम और अन्य जलाशयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। छात्रों ने प्रशासन से संवेदनशील जलाशयों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।

खबर लिखे जाने तक एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी था, जबकि छात्रों का विरोध प्रदर्शन भी जारी रहा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

Related Post