चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूँगी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बैदा गांव निवासी 25 वर्षीय अर्जून तमसोय के रूप में हुई है। वह विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे अर्जून तमसोय अपनी एसपी शाइन मोटरसाइकिल से कुमारडूँगी बाजार खरीदारी करने आया था। बाजार से वापस अपने गांव लौटने के दौरान कुमारडूँगी बाजार स्थित भाजपा कार्यालय के पास उसकी बाइक की एक पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्जून सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर कुमारडूँगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल अर्जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडूँगी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
परिजन उसी रात करीब नौ बजे अर्जून तमसोय को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अर्जून तमसोय की असामयिक मौत से बैदा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अर्जून मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सबसे अधिक चिंता उसके दो वर्षीय बेटे और पत्नी को लेकर जताई जा रही है, जिनके सामने अब जीवनयापन की नई चुनौती खड़ी हो गई है। पुलिस सड़क दुर्घटना के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

