Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

पतरातू में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रही मां-बेटी समेत तीन महिलाओं की मौत, दो गंभीर

रामगढ़। पतरातू प्रखंड में रविवार को तेज बारिश और गर्जना के दौरान हुए वज्रपात ने तीन महिलाओं की जान ले ली, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सांकूल गांव में रेखा देवी (48) अपनी बेटी रोशनी कुमारी (22) के साथ खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां-बेटी की एक साथ मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

वहीं पलानी गांव में खेत में काम कर रहीं सुशांति देवी (30), सुनीता देवी (32) और कंचन कुमारी (20) भी वज्रपात की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने तीनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

प्रशासन ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेतों एवं पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Post