लोहरदगाः लोहरदगा शहर में गुरुवार की शाम अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए शहर के व्यस्त पतरा टोली इलाके में स्थित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में दहशत फैल गई। हत्या के बाद पल्सर बाइक पर सवार दोनों अपराधी बेखौफ होकर फरार हो गए, जबकि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक शुभम साहू, पिता सुनील साहू, मूल रूप से किसको थाना क्षेत्र के नारी नवाडीह गांव का निवासी था। वह वर्तमान में किसको मोड़ के समीप रहकर अपना व्यवसाय संचालित करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक पल्सर बाइक से दुकान पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा सीधे दुकान के अंदर घुसा और शुभम साहू पर बेहद करीब से गोली चला दी। गोली लगते ही शुभम दुकान में ही गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग दौड़े, लेकिन तब तक दोनों अपराधी मौके से फरार हो चुके थे। कई लोगों ने पहले गोली की आवाज को किसी वाहन के टायर फटने की आवाज समझा, जिससे अपराधियों को भागने का पर्याप्त समय मिल गया।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि शुभम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। अस्पताल परिसर में परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे माहौल में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुकान को सील कर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस दुस्साहसिक हत्याकांड के पीछे कौन है और अपराधी कब तक सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।

