बोकारो। श्रावण मास की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जीवंत करते हुए उन्नति फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार को कैंप-2 टाउन हॉल में हर्षोल्लास के साथ सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हरियाली, पारंपरिक परिधानों, सावन गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं फाउंडेशन की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन के उल्लास को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान मेहंदी, पारंपरिक वेशभूषा एवं अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन विशिष्ट अतिथियों ने निर्णायक के रूप में किया।
मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता साहू तथा डॉ. राशि सिन्हा उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्नति फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सावन भारतीय संस्कृति, प्रकृति और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
उन्नति फाउंडेशन की संस्थापिका अर्चना सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं फाउंडेशन की सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सावन महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने, उनकी प्रतिभाओं को निखारने तथा आपसी स्नेह, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अर्चना सिंह, बबली सरकार, रत्ना गुप्ता, सरिता पुरोहित, अंजू सिंह, अनीता झा, सुलेखा कुमारी, इंदिरा सिंह, पुनीता, कृष्णा, संजुक्ता, मोनाद, दीप्ति, अनुराधा, रश्मि, अनु, सुमन, मोना, ममता, रीना, ज्योति रानी राज, खुशबू, रूपा, लिपि, नीतू, प्रियंका, शोभा तिवारी, पूनम, श्रीति, रुमा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।

