Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

एटीएम से लौट रही महिला से चेन झपटकर भागे बदमाश, हादसे के बाद बाइक छोड़कर फरार

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट ए रोड पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एटीएम से नकदी निकालकर घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। हालांकि भागने के दौरान बदमाशों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद वे अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पैदल भाग निकले।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता अर्चना श्रीवास्तव एटीएम से पैसे निकालने के बाद अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके पास पहुंचकर गले से चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों तेजी से भागने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक एक चारपहिया वाहन से टकरा गई। टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिर पड़े, लेकिन मौके का फायदा उठाकर अपनी पल्सर बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक को जब्त कर थाना ले गई। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Post