Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने बच्चों के बीच बांटी शैक्षणिक सामग्री

चाईबासा: मारवाड़ी युवा मंच, चाईबासा जागृति शाखा की ओर से जनसेवा कार्यक्रम के तहत संकोसाई क्षेत्र में बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिससे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर बच्चों के बीच कलर पेंसिल, कॉपी, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। नियमित रूप से विद्यालय जाने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए जागृति शाखा की ओर से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करना था।

जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का परिश्रम ही आने वाले समय में बच्चों को आत्मनिर्भर और सफल बनाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सहयोग करने वाले अंकित साह ने कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों की मदद करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही समय पर शिक्षा और प्रोत्साहन मिले तो वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम अंकित साह के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान बच्चों ने खुशी के साथ गतिविधियों में भाग लिया और वितरित की गई सामग्री प्राप्त की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, सचिव रिंकी अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजिका दीप लोधा, ममता बुधिया, राधा भूत सहित शाखा की अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे जनसेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया।

Related Post