चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई करीब 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मामले में साहेबगंज जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि दुकान संचालक आशीष पाड़िया के लिखित आवेदन पर चक्रधरपुर थाना में 25 जुलाई 2026 को कांड संख्या 84/2026 दर्ज किया गया था। आवेदन के अनुसार 23 और 24 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान से करीब 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था।
जांच के दौरान पता चला कि चोर दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर घुसे थे। दुकान में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि घटना के साक्ष्य न मिल सकें। इसके बाद शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में नए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच जैसे औजार भी बरामद किए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने साहेबगंज जिले के अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) और असराउल अली (33) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की सूची, लाल रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH06H-7510) तथा रश्मि इलेक्ट्रॉनिक से चोरी किए गए आठ नए मोबाइल कवर बरामद किए हैं।
डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस चोरी गए शेष सामान की बरामदगी तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

