कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में एक बार फिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, घर की बच्ची की सतर्कता और शोर मचाने से चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी सुनील कुमार चौधरी अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर गए हुए थे। शनिवार शाम करीब 7 बजे दो नकाबपोश चोर घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बेटी की नजर चोरों पर पड़ गई। उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक दोनों चोर भागने में सफल हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि बीते रविवार की रात भी न्यू कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने चार घरों में चोरी का प्रयास किया था। इनमें से दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम देकर चोर फरार हो गए थे। एक सप्ताह के भीतर लगातार चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से न्यू कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

