Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

सीएसआईआर-एनएमएल में सीआईपीईटी अधिकारियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, धातु पाइपों की गुणवत्ता और तकनीकी परीक्षण की दी जाएगी जानकारी

जमशेदपुर। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर में सोमवार को केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीईटी) के अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय धातु पाइप प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 2 से 6 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को धातु पाइपों के निर्माण, गुणवत्ता परीक्षण, निरीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन से जुड़ी आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी देना है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने तकनीकी दक्षता बढ़ाने और वैज्ञानिक संस्थानों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में वैज्ञानिक परीक्षण, गुणवत्ता आश्वासन और तकनीकी निरीक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अधिकारियों को नई तकनीकों और परीक्षण प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी मिलती है, जिसका उपयोग वे अपने कार्यक्षेत्र में कर सकते हैं।

इस अवसर पर मैटेरियल्स इंजीनियरिंग डिवीजन के प्रमुख डॉ. एस. शिवप्रसाद ने भी प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामग्री परीक्षण और धातु पाइपों के बेहतर प्रदर्शन के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने की आवश्यकता बताई।

एक्सपोजर ट्रेनिंग ऑन मेटल पाइप्स (ETMP’26) नामक इस कार्यक्रम में धातु पाइपों के निर्माण, सामग्री अभिलक्षणन, भौतिक धातुकर्म, यांत्रिक परीक्षण, गैर-विनाशकारी परीक्षण, संक्षारण मूल्यांकन, सुरक्षात्मक कोटिंग और गुणवत्ता निरीक्षण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। देश के विभिन्न सीआईपीईटी केंद्रों से आए 12 तकनीकी अधिकारी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

पांच दिनों के दौरान विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रयोगशाला प्रदर्शन, तकनीकी चर्चा और व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को स्टील पाइप, ट्यूब और डक्टाइल आयरन पाइपों की गुणवत्ता जांच, सामग्री मूल्यांकन, परीक्षण विधियों तथा संबंधित भारतीय मानकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर संयोजक डॉ. बिराज कुमार साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया। यह प्रशिक्षण पहल औद्योगिक गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी ज्ञान के प्रसार और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में सीएसआईआर-एनएमएल का महत्वपूर्ण प्रयास है।

Related Post