Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

आदित्यपुर में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन छिनताई, सीसीटीवी में कैद हुए बाइक सवार बदमाश

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बबीता सिंह दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे। मौका मिलते ही पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों संदिग्ध बदमाश स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post