Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

सुबह नाश्ता बनाने पहुंचे कर्मचारी तो खुला हत्या का राज, बोकारो के कौशल विकास केंद्र में कुक की गला रेतकर हत्या

बोकारो। जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र स्थित भेलवाटांड के मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब केंद्र में कार्यरत कुक गणेश कपरदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। धारदार हथियार से गला रेतकर की गई इस हत्या से पूरे केंद्र परिसर में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी थे और पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह सुबह प्रशिक्षुओं के नाश्ते की तैयारी कराने के लिए मेस पहुंचे। वहां उन्होंने गणेश कपरदार को बेड के नीचे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उनकी मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल केंद्र के अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईईएल थाना, तेनुघाट ओपी और कसमार थाना की पुलिस भी जांच में जुट गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।

कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि गणेश कपरदार पिछले करीब दो वर्षों से केंद्र में कार्यरत थे और प्रशिक्षुओं व कर्मचारियों के लिए भोजन तैयार करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद जांच की कार्रवाई शुरू हुई।

घटना की सूचना मिलने पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो भी कौशल विकास केंद्र पहुंचे। उन्होंने एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह से मुलाकात कर मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related Post