चतरा: चतरा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए टीएसपीसी (TSPC) संगठन के वांछित उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नरेश गंझू अपने घर चोरी-छिपे आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव स्थित फुटबाल ग्राउंड से करीब 100 मीटर दूर घने जंगल के पास से नरेश गंझू को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादी मंधनिया गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, वह बालूमाथ थाना कांड संख्या 168/19 में हत्या के प्रयास, दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, विस्फोटक एवं हथियार अधिनियम, सीएलए एक्ट तथा यूएपीए एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत वांछित था।
छह मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार नरेश गंझू के खिलाफ लातेहार और चतरा जिले के विभिन्न थानों में कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें बालूमाथ, लावालौंग, कुंदा और सिमरिया थानों में आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, यूएपीए एक्ट तथा आईपीसी की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामले शामिल हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिमरिया) नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब, लावालौंग थाना प्रभारी, एसएसबी 35वीं बटालियन तथा लावालौंग थाना पुलिस के जवान शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में उग्रवादियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्रवाई की जा रही है।

