कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर-चेहाल मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल एक राजमिस्त्री की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चेहाल निवासी सरयु पासवान (50 वर्ष), पिता दुखन पासवान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सरयु पासवान प्रतिदिन की तरह हीरोडीह से राजमिस्त्री का कार्य कर अपने घर चेहाल लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़पुर-चेहाल मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों ने घायल सरयु पासवान को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए भर्ती कराया। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र संतोष पासवान ने बताया कि उनके पिता परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वर्षों से राजमिस्त्री का कार्य कर वे पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने फरार ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

