Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

कोडरमा पुलिस ने अंतरराज्यीय छिनतई गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए आभूषण बरामद

कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने छिनतई की एक बड़ी वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी करने के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मास्टर की, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया है।

यह मामला चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां पेट्रोल पंप के समीप हुई छिनतई की घटना से जुड़ा है। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे चंदवारा निवासी अशोक सोनी की मोटरसाइकिल की डिक्की से अपराधियों ने आभूषणों से भरा बैग उड़ा लिया था। पीड़ित की लिखित शिकायत पर चंदवारा थाना में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। जांच के दौरान पता चला कि घटना में शामिल आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं।

इसके बाद विशेष टीम ने ओडिशा के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर गिरोह की एक महिला सदस्य को कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और मोटरसाइकिल की डिक्की खोलने में प्रयुक्त टी आकार की लोहे की मास्टर की भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के भद्रक जिले के रघुनाथपुर निवासी 35 वर्षीय राजु दास, जाजपुर जिले के दसमनिया गांव निवासी 21 वर्षीय धनराज प्रधान तथा भद्रक जिले की 32 वर्षीय ट्विंकल दास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और विभिन्न राज्यों में इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

बरामद सामान में बड़ी संख्या में चांदी जैसे दिखने वाले पायल, गले की चेन, बिछिया, अंगूठियां, बच्चों के कंगन, ताबीज, लॉकेट, नथिया सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, एक बैग, ज्वेलरी मापक यंत्र और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

कोडरमा पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Post