Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

मंझारी में गर्भवती महिला ने कथित रूप से जहर खाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बुनुमलता गांव में एक 8 माह की गर्भवती महिला की कथित रूप से जहर खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान दशमा दोहरा (22-23 वर्ष), पति छोटा दोहरा के रूप में हुई है। सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पति छोटा दोहरा एवं जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल ने बताया कि रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने भोजन किया और सो गए। सोमवार सुबह छोटा दोहरा घर के पास ही मजदूरी करने चला गया। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे दशमा दोहरा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।

परिजनों के अनुसार, जहर खाने के बाद दशमा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना छोटा दोहरा को दी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी की हालत गंभीर थी। छोटा दोहरा ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही है, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर गांव के मुंडा ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार जहर खाने से ही मौत हुई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, दशमा दोहरा और छोटा दोहरा का एक तीन वर्षीय पुत्र भी है। घटना के बाद बुनुमलता गांव में शोक का माहौल है।

Related Post